उत्तरकाशी आपदा: डीएम और विधायक ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
उत्तरकाशी। जिले में आपदा से प्रभावित गांवों का निरीक्षण करने डीएम प्रशांत आर्य और पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल पहुंचे। उन्होंने गैच्वांण, दड़गांव और आरकोट बंगाण गांवों में जाकर हालात का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी परेशानियों को समझा।
ग्रामीणों ने मुख्य रूप से क्षतिग्रस्त सड़कों को जल्द दुरुस्त करने और गांव के ऊपर हो रहे भू-धंसाव से बचाव के लिए सुरक्षा कार्य करवाने की मांग रखी।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल लाइनों को ठीक किया जाए और बिजली आपूर्ति जल्द बहाल की जाए। साथ ही, सेब और अन्य फसलों को हुए नुकसान का सही आकलन करने के लिए कृषि और उद्यान विभाग की टीमों को लगाया गया।
बरनाली मोटर मार्ग पर हुए भारी भूस्खलन को लेकर उन्होंने भू-वैज्ञानिक सर्वे कराने और स्थायी सुरक्षा कार्य तुरंत शुरू करने के निर्देश पीएमजीएसवाई के इंजीनियर को दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम मुकेश रमोला, सीएचओ डॉ. रजनीश सिंह, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, प्रेम सिंह चौहान, ईश्वर पंवार, डॉ. राजेंद्र राणा और संजय रावत समेत कई अधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।








