#Home #News #Uttarakhand

शादी में चोरी के डर से नकली जेवर पहनकर गईं महिलाएं, चोरों ने घर से 5 लाख के असली जेवर उड़ा लिए, मिठाई भी खा गए

रामनगर- उत्तराखण्ड में रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। क्षेत्र के लोगों में दहशत इस बात से भी बढ़ गई है कि चोर अब सिर्फ पैसे और जेवर ही नहीं, बल्कि घर में रखी खाने की चीजें तक आराम से खाकर जा रहे हैं। ताजा मामला टांडा मल्लू गांव का है, जहां एक परिवार शादी में गया था और वापस लौटा तो घर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए।
रमेश सुयाल होटल में काम करते हैं। बुधवार शाम वे अपनी पत्नी प्रेमा, दोनों बच्चों और रिश्तेदारों के साथ गांव में हो रही शादी में शामिल होने गए थे। परिवार यह सोचकर निश्चिंत था कि नकली जेवर पहनकर ही समारोह में जाना है और असली गहने घर में ही रख दिए थे, ताकि कोई जोखिम न हो। लेकिन किस्मत ने उल्टा ही खेल दिखा दिया।
सुबह जब रमेश परिवार सहित घर पहुंचे, तो बाहर लगा जालीदार दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर गए तो कमरों की कुंडियां टूटी थीं और सामान पूरी तरह बिखरा हुआ था। यह साफ हो गया कि चोरों ने रातभर बड़े इत्मीनान से घर खंगाला।
रमेश सुयाल ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि चोरों ने सोने की नथ, मंगलसूत्र, मांग टीका, झुमके, अंगूठी, चांदी की पायल, बिछुए, चांदी के सिक्के समेत लगभग पांच लाख रुपये से ज्यादा का जेवर ले लिया। साथ ही करीब 30 हजार रुपये नकद भी गायब मिले।
चोरों की हिम्मत इतनी बड़ी थी कि उन्होंने फ्रिज में रखी मिठाई तक निकालकर वहीं खा ली। इतना ही नहीं, बच्चे का स्कूल बैग, किताबें, चार-पांच सूट और घर का काफी सामान भी उठा ले गए।
घटना के बाद पीरूमदारा चौकी इंचार्ज वीरेंद्र बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घर का निरीक्षण किया। घर के अंदर से एक व्यक्ति की पहचान पत्र की फोटो कॉपी भी मिली है, जिसके आधार पर पुलिस सुराग तलाश रही है। पुलिस का मानना है कि यह फोटो कॉपी किसी चोर की हो सकती है, और इसी से जांच आगे बढ़ सकती है।
पीड़ित रमेश और उनके परिवार का कहना है कि शादी में शामिल होने वाली महिलाओं ने अपनी सुरक्षा के लिए असली गहने घर में ही छोड़ दिए थे। नकली जेवर पहनकर गए थे ताकि कोई खतरा न हो। लेकिन दुर्भाग्य से वही जेवर चोरी हो गए जिनको बचाने की कोशिश की गई थी।
घटना के बाद से पूरा परिवार सदमे में है और क्षेत्र में भी दहशत का माहौल है। चोर जिस तरह घर में घुसे, वहां खाया पिया, सामान उठाया और पहचान का एक सुराग भी छोड़ गए – यह पूरे मामले को और भी रहस्यमय बना रहा है।
पुलिस को तहरीर दे दी गई है और जांच जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

Read More

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *