#Home #National #News

गोवा अग्निकांड के बाद उत्तराखण्ड पुलिस भी सतर्क, न्यू ईयर से पहले होटलों के सेफ्टी ऑडिट करेगी पुलिस

देहरादून- गोवा में कुछ दिन पहले हुए बड़े अग्निकांड ने पूरे देश को हिला दिया था। इस घटना के बाद उत्तराखंड पुलिस भी सतर्क हो गई है। राज्य में होने वाले क्रिसमस और नए साल के कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने प्रदेशभर में कड़े अग्नि सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ गुरुवार को ऑनलाइन बैठक में पुलिस महानिदेशक ने कहा कि त्योहारों के दौरान भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में जरा सी लापरवाही भारी नुकसान करा सकती है। इसलिए हर जिले में पुलिस टीमें होटल, रेस्टोरेंट, मॉल, पब, कैफे, बैंक्वेट हॉल, आयोजन स्थलों और अन्य भीड़ वाले स्थानों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट करेंगी।
पुलिस महकमे को साफ निर्देश दिए गए हैं कि हर जगह अग्निशामक यंत्र, फायर अलार्म, आपातकालीन निकास और सुरक्षा मार्ग ठीक हालत में हों। जहां भी नियमों की अनदेखी हो रही है, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी। यह भी तय किया गया है कि जिलाधिकारी कार्यालय और पुलिस मिलकर इस अभियान को पूरा करेंगे।
दीपम सेठ ने राज्य में चल रही शीतकालीन चारधाम यात्रा की सुरक्षा को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ, केदारनाथ और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने के कारण यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन सहायता और यातायात नियंत्रण पर खास ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंच सके, उसके लिए पुलिस, SDRF और जिला प्रशासन लगातार संपर्क में रहें।
बैठक के दौरान पुलिस महानिदेशक ने गंभीर अपराधों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी पर भी नाराजगी जताई और कहा कि ऐसे सभी मामलों में तेजी से काम किया जाए। पैरोल या जमानत पर बाहर आए बंदियों की समय पर कारागार वापसी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। इसके अलावा अपराध से कमाई गई अवैध संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई तेज करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस महानिदेशक ने यह भी कहा कि विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया में किसी भी तरह की देरी न हो। सभी लंबित मामलों का समय पर निपटारा किया जाए ताकि पुलिसकर्मियों को उनका हक समय पर मिल सके।
बैठक में उत्तराखंड पुलिस के उच्च अधिकारी—अपर पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार, वी. मुरुगेशन, पुलिस महानिरीक्षक विम्मी सचदेवा, नीरू गर्ग, कृष्ण कुमार वीके, मुख्तार मोहसिन, निलेश आनंद भरणे, सुनील कुमार मीणा और अरुण मोहन जोशी मौजूद थे।

Read More

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *