#Home #Dehradun #Uttarakhand

Dehradun – दून में सिटी बस सेवा की कमान अब डीसीटीएल के हाथ

एसपीवी मॉडल के तहत हुआ देहरादून सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड का गठन

देहरादून शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। अब राजधानी में सिटी बसों का संचालन देहरादून सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड (डीसीटीएल) के जरिए किया जाएगा। इसके लिए स्पेशल पर्पज व्हीकिल (एसपीवी) के तहत इस नई संस्था का गठन किया गया है, जिसका उद्देश्य शहर में एकीकृत और सुव्यवस्थित परिवहन प्रणाली विकसित करना है।

शहरी इलाकों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को सुरक्षित, सुलभ व आधुनिक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए यह कदम उठाया गया है। वर्तमान में स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत संचालित 30 सिटी बसों की जिम्मेदारी अब डीसीटीएल को सौंपी जाएगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत भविष्य में मिलने वाली 100 नई बसों का संचालन भी इसी संस्था के माध्यम से किया जाएगा।

जल्द पूरी होगी पंजीकरण प्रक्रिया हाल ही में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीसीटीएल के पंजीकरण से जुड़ी औपचारिकताओं को इसी माह पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जनवरी माह में संस्था की पहली बोर्ड बैठक आयोजित करने की योजना भी तय की गई है।

मजबूत प्रशासनिक ढांचा एसपीवी के तहत गठित देहरादून सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड में अध्यक्ष की जिम्मेदारी परिवहन सचिव के पास होगी। वहीं, निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी का दायित्व उत्तराखंड रोडवेज के प्रबंध निदेशक निभाएंगे।

इसके अलावा परिवहन आयुक्त या उनके नामित अपर परिवहन आयुक्त, जिलाधिकारी देहरादून, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), और मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष भी निदेशक मंडल का हिस्सा होंगे।

विशेषज्ञों की भी रहेगी भागीदारी संस्था के संचालन में रोडवेज के महाप्रबंधक, आरटीओ प्रशासन देहरादून, नगर आयुक्त और यूनिफाइड मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के प्रतिनिधि भी निदेशक के रूप में शामिल रहेंगे। इसके अलावा परिवहन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और अन्य परिवहन संचालकों को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में जोड़ा जाएगा।

डीसीटीएल का कार्यालय परिवहन आयुक्त कार्यालय के भवन में स्थापित किया जाएगा। फिलहाल कंपनी के विधिवत पंजीकरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जिसके पूरा होते ही राजधानी की सिटी बस सेवा नए ढांचे के तहत संचालित होने लगेगी।

इस पहल से दून शहर में यातायात सुधार, पर्यावरण संरक्षण और यात्रियों की सुविधा को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *