#Home #National #News

Delhi – दिल्ली के स्कूलों में लगेंगे एयर प्यूरिफायर

गृहमंत्री आशीष सूद ने साझा किया प्रदूषण मुक्त राजधानी का रोडमैप

राजधानी दिल्ली एक बार फिर गंभीर वायु प्रदूषण की चपेट में है। तमाम प्रतिबंधों और प्रयासों के बावजूद हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 450 के आसपास दर्ज किया गया है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है।

इस हालात पर सरकार की रणनीति को लेकर जब दिल्ली के गृहमंत्री आशीष सूद से सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सरकार सिर्फ तात्कालिक उपायों पर नहीं, बल्कि राजधानी को लंबे समय में प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।

कक्षाओं में लगेंगे 10 हजार एयर प्यूरिफायर गृहमंत्री आशीष सूद ने जानकारी दी कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों के क्लासरूम में करीब 10 हजार एयर प्यूरिफायर लगाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उनका कहना है कि बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे प्रदूषित हवा के दुष्प्रभाव को कम किया जा सकेगा।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि धूल प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक मैकेनिकल स्वीपर तैनात किया जाएगा। इससे सड़कों पर उड़ने वाली धूल में कमी आएगी और हवा की गुणवत्ता सुधारने में मदद मिलेगी।

दीर्घकालिक समाधान पर फोकस आशीष सूद ने स्पष्ट किया कि ये सभी योजनाएं लंबी अवधि के सुधारों का हिस्सा हैं और इनके परिणाम सामने आने में समय लगेगा। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न विभागों के माध्यम से ऐसे कई बदलाव कर रही है, जिन्हें वे “क्रांतिकारी कदम” मानते हैं।

“PR नहीं, स्थायी सुधार हमारी प्राथमिकता” गृहमंत्री ने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा, “मैं दिल्ली के लोगों और युवाओं को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि हमारी सरकार केवल प्रचार गतिविधियों में नहीं लगी है। हम प्रशासनिक स्तर पर ऐसे सुधार कर रहे हैं, जो लंबे समय तक दिल्ली की हवा को बेहतर बनाएंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि आलोचना करने वालों को चाहिए कि वे अपनी उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखें।

सरकार का दावा है कि इन योजनाओं के जरिए आने वाले वर्षों में दिल्ली की हवा में ठोस सुधार देखने को मिलेगा और खासकर बच्चों व बुजुर्गों को प्रदूषण से राहत मिलेगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *