#Home #Almora #Uttarakhand

Uttarakhand – उत्तराखंड को खेल और विकास की नई दिशा: सीएम धामी ने अल्मोड़ा से दिया स्पोर्ट्स हब और सशक्त प्रदेश का संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा जनपद के हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम से सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ कर उत्तराखंड को खेलों का प्रमुख केंद्र बनाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर उन्होंने फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट और प्रसिद्ध कोच लियाकत अली खान को सम्मानित किया गया, जिससे युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा देना है ताकि उनकी ऊर्जा राष्ट्र और प्रदेश निर्माण में लगे। उन्होंने खेल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में 50 बेड क्षमता वाला आधुनिक छात्रावास बनाया जाएगा। बैडमिंटन कोर्ट का अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप जीर्णोद्धार, हैंडबाल कोर्ट का निर्माण तथा जीआईसी खेल मैदान में हॉकी और फुटबॉल के लिए दिन-रात उपयोग योग्य आर्टिफिशियल टर्फ मैदान तैयार किया जाएगा।

स्वास्थ्य, पर्यटन और कनेक्टिविटी पर समानांतर विकास मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा के समग्र विकास के लिए सरकार स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन और कनेक्टिविटी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। सोबन सिंह जीना मेडिकल इंस्टीट्यूट में 100 नई एमबीबीएस सीटें और 36 आईसीयू बेड जोड़े गए हैं। बेस अस्पताल में कार्डियक केयर यूनिट शुरू हो चुकी है, जबकि महिला चिकित्सालय के उन्नयन पर पांच करोड़ रुपये की लागत से कार्य प्रगति पर है। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत जागेश्वर धाम सहित अन्य मंदिरों का विकास किया जा रहा है। शहरी समस्याओं के समाधान हेतु अल्मोड़ा में 21 वाहन पार्किंग परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना भी की गई है।

खेल नीति से बनेगा उत्तराखंड स्पोर्ट्स हब मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि खिलाड़ियों के हित में राजकीय सेवाओं में 4 प्रतिशत खेल कोटा पुनः लागू किया गया है। मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और उदीयमान खिलाड़ी योजना के माध्यम से प्रतिभाओं को आर्थिक और संस्थागत सहयोग दिया जा रहा है। खेल रत्न पुरस्कारों से खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही स्पोर्ट्स लीगेसी प्लान लागू किया जाएगा, जिसके तहत राज्य के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना होगी। हल्द्वानी में उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित कर राज्य को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाई जाएगी।

मातृशक्ति के सशक्तीकरण से बदलेगा प्रदेश का भविष्य ताड़ीखेत के श्रद्धानंद मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति के बिना उत्तराखंड का समग्र विकास संभव नहीं है। सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए स्वरोजगार, कृषि, पर्यटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में डेढ़ लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं न केवल परिवार संभाल रही हैं, बल्कि आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय उत्पादों और संस्कृति को नई पहचान मिल रही है। किसानों की आय बढ़ाने के मामले में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर है, जो सरकार की नीतियों की सफलता को दर्शाता है।

रिवर्स पलायन और होमस्टे से रोजगार मुख्यमंत्री ने बताया कि पलायन रोकने के लिए चलाई जा रही योजनाओं का सकारात्मक असर दिख रहा है। रिवर्स पलायन में 34 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। सैकड़ों होमस्टे शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं, जिससे गांवों की आर्थिकी मजबूत हो रही है।

रानीखेत को मिली विकास की बड़ी सौगात ताड़ीखेत कार्यक्रम के दौरान 500 से अधिक लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री ने रानीखेत क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की घोषणा की, जिनमें एनसीसी मैदान के लिए तीन करोड़ रुपये, रानीझील का सौंदर्यीकरण, सड़कों के नामकरण और उप जिला चिकित्सालय को एंबुलेंस की सौगात शामिल है। इसके अलावा 77.25 करोड़ रुपये की 32 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और महिला सशक्तीकरण के माध्यम से आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *