#Home #Nainital #Uttarakhand

CM DHAMI – मार्निंग वॉक पर नैनीताल के लोगों से मिले सीएम, सरकार के कामकाज पर लिया फीडबैक

नैनीताल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दौरे के दूसरे दिन सुबह की शुरुआत आम लोगों के बीच जाकर की। वह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले और इस दौरान शहर की सड़कों, पार्किंग व्यवस्था और यातायात की स्थिति को खुद देखा। उनके साथ पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने नए साल और शीतकालीन पर्यटन को देखते हुए पर्यटकों की सुविधा के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी सुधार के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि नैनीताल जैसे पर्यटन शहर में पार्किंग और ट्रैफिक सबसे बड़ी समस्या है। उन्होंने साफ कहा कि वाहनों की भीड़ बढ़ने पर वैकल्पिक रास्तों की पूरी तैयारी पहले से होनी चाहिए, ताकि आम लोगों और सैलानियों को परेशानी न हो। पार्किंग की व्यवस्था ऐसी हो कि सड़क पर जाम न लगे और शहर की खूबसूरती भी बनी रहे। मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री नैनीताल क्लब परिसर और आसपास के इलाकों में पैदल घूमे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों, भाजपा कार्यकर्ताओं और सुबह टहलने आए नागरिकों से सीधे बातचीत की। उन्होंने सरकार की योजनाओं को लेकर लोगों से राय ली और यह भी पूछा कि किन योजनाओं का लाभ उन्हें मिला है और कहां दिक्कतें आ रही हैं। लोगों ने पार्किंग, ट्रैफिक और रोजमर्रा की कुछ समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मकसद केवल योजनाएं बनाना नहीं है, बल्कि यह देखना भी है कि उनका लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन सुविधाओं को और बेहतर किया जाए और शहर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जाए। इस मौके पर एसएसपी मंजूनाथ, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मंडी अध्यक्ष अनिल डब्बू, मंडी सलाहकार मनोज जोशी, नितिन कार्की, अरविंद पडियार, संतोष कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री सुबह करीब दस बजे गुरुद्वारे में आयोजित वीर बाल दिवस कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री धामी नैनीताल विंटर कार्निवाल में शामिल हुए थे। कार्यक्रम से पहले मेट्रोपोल परिसर में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा था कि नैनीताल देश और दुनिया के सैलानियों की पसंदीदा जगह है। यहां लंबे समय से पार्किंग की समस्या रही है, लेकिन मेट्रोपोल में बन रही नई पार्किंग से इस परेशानी में काफी हद तक राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिले में करीब 121 करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं, जिससे नैनीताल को नई दिशा मिलेगी। शीतकालीन पर्यटन पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रदेश के लोगों को पूरे साल पर्यटन से रोजगार मिले। इसी सोच के तहत अलग अलग जिलों में एक जिला एक उत्सव जैसे कार्यक्रम किए जा रहे हैं, जिनके अच्छे नतीजे सामने आ रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों को काम मिल रहा है और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर भी सख्त रुख अपनाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्यापन अभियान लगातार जारी रखा जाए, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या गलत गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। रात में विंटर कार्निवाल के मंच से मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों के साथ आने वाले समय की योजनाओं का खाका भी रखा। उन्होंने कहा कि राज्य में जनसंख्या से जुड़े बदलाव चिंता का विषय हैं और सरकार इसे रोकने के लिए ठोस कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि देवभूमि की पहचान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और अवैध कब्जे या गलत गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नैनीताल जिले में हाल में हुई चोरियों और आरोपियों के राज्य से बाहर भागने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन और प्रशासन इस दिशा में हर स्तर पर काम कर रहा है। सीमाओं के साथ साथ सभी जिलों में सघन सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और आम लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *