Almoda Accident – अल्मोड़ा के सैलापानी बैंड के पास बेकाबू बस खाई में गिरी, 7 की मौत
अल्मोड़ा- उत्तराखंड के पहाड़ी जिले अल्मोड़ा से मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया। रोजमर्रा की तरह यात्रियों को लेकर जा रही एक बस अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में सात लोगों की जान चली गई, जबकि दो महिलाओं समेत बारह यात्री घायल हो गए। कई परिवारों के घरों में चंद पलों में खुशियां मातम में बदल गईं।
यह हादसा अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण तहसील क्षेत्र में विनायक के पास सैलापानी बैंड के समीप हुआ। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे रामनगर की ओर जा रही कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन लिमिटेड की यात्री बस अचानक सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई। बस के गिरते ही इलाके में चीख पुकार मच गई और आसपास के गांवों में अफरा तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार बस संख्या यूके 07 पीए 4025 सुबह करीब छह बजे द्वाराहाट के नोबाड़ा से रामनगर के लिए निकली थी। रास्ते में सैलापानी बैंड के पास एक तीखे मोड़ पर चालक का नियंत्रण बस से हट गया। कुछ ही सेकंड में बस सड़क से नीचे खाई में समा गई। खाई काफी गहरी थी, जिससे बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसा इतना भयानक था कि छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जैसे ही हादसे की सूचना मिली, पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दुर्गम इलाके और खाई की गहराई के कारण राहत और बचाव कार्य आसान नहीं था, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने भी आगे बढ़कर मदद की। गांव के लोग रस्सियों और अन्य साधनों के सहारे खाई में उतरे और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए।
घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण ले जाया गया, जहां डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने उनका इलाज शुरू किया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट की व्यवस्था भी की जा रही है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में पार्वती देवी पत्नी गोविन्द बल्लभ मठपाल और उनके पति गोविन्द बल्लभ मठपाल निवासी ग्राम धारवाली विनायक जमोली शामिल हैं। इसके अलावा तारा देवी पत्नी महेश चंद्र निवासी पाली दौला विनायक भिकियासैंण, नरेंद्र सिंह सूबेदार पुत्र गोपाल सिंह निवासी ग्राम जमोली विनायक भिकियासैंण, नेपाली नागरिक गणेश और उमेश तथा 58 वर्षीय गोविंदी देवी निवासी ग्राम घुघुतीं थाना द्वाराहाट की मौत हुई है। इन नामों के सामने आते ही संबंधित गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।
घायलों में नंदलाल वल्लभ निवासी नौबड़ा, राकेश कुमार निवासी जीआईसी द्वाराहाट, नंदी देवी निवासी नौगाड़, हंसी सती निवासी सिंगोली, 16 वर्षीय मोहित सती निवासी नौघर, बुद्धिवल्लभ भगत निवासी जमोली, हरीश चंद्र निवासी पाली, भूपेंद्र सिंह अधिकारी निवासी जमोली, जितेंद्र रेखाड़ी निवासी चितायनक, बस चालक नवीन चंद्र, 17 वर्षीय हिमांशु पालियाल और परिचालक प्रकाश चंद्र शामिल हैं। इनमें से कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुई है।






