Arjun Bijlani reached Haridwar – मशहूर कलाकार अर्जुन बिजलानी पहुंचे हरिद्वार, पौष पूर्णिमा पर गंगा में लगाई डुबकी
हरिद्वार- पौष पूर्णिमा के साथ माघ स्नान की शुरुआत हो गई है और इसी खास मौके पर मशहूर टीवी अभिनेता अर्जुन बिजलानी ने हरिद्वार पहुंचकर गंगा में स्नान किया। गंगा घाट पर उन्होंने आस्था की डुबकी लगाई और इस अनुभव को अपने लिए बेहद खास बताया। अर्जुन बिजलानी निजी काम से देहरादून आए हुए थे। देहरादून में रहते हुए उनकी मुलाकात ऋषिकेश क्रिएटिव प्रोडक्शन के मालिक चिन्मय पंडित से हुई। बातचीत के दौरान हरिद्वार और गंगा स्नान की बातें चलीं। इसके बाद अर्जुन ने तय किया कि लौटने से पहले वह हरिद्वार जरूर जाएंगे और गंगा स्नान करेंगे। शाम को वापस लौटने से पहले अर्जुन बिजलानी हरिद्वार पहुंचे और गंगा घाट पर स्नान किया। उन्होंने बताया कि गंगा में स्नान करने का अनुभव हमेशा मन को शांति देता है। उन्होंने कहा कि इससे पहले एक बार बनारस में शूटिंग के दौरान भी गंगा स्नान का मौका मिला था। उस दिन गंगा दशहरा था और आज पौष पूर्णिमा जैसा बड़ा दिन है। ऐसे शुभ दिन पर गंगा स्नान करना अपने आप में सौभाग्य की बात है। अर्जुन बिजलानी ने कहा कि हरिद्वार पहुंचते ही एक अलग तरह की शांति महसूस होती है। गंगा किनारे बैठकर मन हल्का हो जाता है और रोजमर्रा की भागदौड़ से कुछ देर के लिए दूरी बन जाती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि जब भी मौका मिले, वे विश्व प्रसिद्ध हर की पैड़ी जरूर आएं और गंगा मां का आशीर्वाद लें। गंगा स्नान के बाद श्री गंगा सभा की ओर से अर्जुन बिजलानी का स्वागत किया गया। श्री गंगा सभा के सचिव उज्ज्वल पंडित ने उन्हें रुद्राक्ष की माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी अभिनेता को देखा और कुछ लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। पौष पूर्णिमा से माघ स्नान की शुरुआत को लेकर हरिद्वार में पहले से ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है। दूर दूर से लोग गंगा स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। धार्मिक मान्यता है कि इस दौरान गंगा में स्नान करने से पुण्य मिलता है और मनोकामनाएं पूरी होती हैं। अर्जुन बिजलानी की मौजूदगी से गंगा घाट का माहौल और भी खास हो गया। आम श्रद्धालुओं का कहना है कि जब कोई जाना माना चेहरा भी आस्था के साथ गंगा स्नान करता है, तो इससे लोगों का विश्वास और गहरा होता है।






