CM Dhami will take major action in Ankita Bhandari case – अंकिता भंडारी केस में सीएम धामी लेंगे बड़ा एक्शन, अंकिता के माता-पिता की मांगों पर जल्द फैसला
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सरकार एक बार फिर सक्रिय नजर आ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा है कि अंकिता के माता पिता ने उनसे मुलाकात के दौरान जो बातें रखी हैं, उन पर सरकार जल्द ही फैसला लेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और किसी भी निर्णय से पहले सभी कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। देहरादून जिले के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह एक बहन और बेटी की हत्या का मामला है। सबसे बड़ा दुख और पीड़ा अंकिता के माता पिता ने झेली है। उन्होंने कहा कि पहले दिन से ही सरकार का रुख साफ रहा है कि अंकिता के माता पिता जिस भी तरह की जांच की मांग करेंगे, सरकार उसके लिए तैयार है। इस मामले में किसी तरह की जल्दबाजी नहीं की जाएगी, लेकिन न्याय की दिशा में हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुलाकात के दौरान अंकिता के माता पिता ने कुछ अहम बातें उनके सामने रखी हैं। उन बातों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। सरकार इस पर कानूनी राय ले रही है ताकि कोई भी फैसला मजबूत आधार पर लिया जा सके। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले में पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान विपक्ष और कुछ राजनीतिक दलों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अंकिता की मौत जैसे गंभीर मामले पर राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने एक ऑडियो के वायरल होने के बाद बिना जिम्मेदारी समझे बयानबाजी की और राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश की, उन्हें प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने जानबूझकर प्रदेश में तनाव का माहौल बनाने और लोगों को भड़काने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में एक और ऑडियो वायरल हुआ है। इस पर भी विपक्ष को अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए और जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि इस तरह की हरकतों को जनता देख रही है और समय आने पर जवाब भी देगी। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि कानूनी प्रक्रिया अपने स्तर पर चलती रहेगी। दिल्ली हाई कोर्ट का फैसला सामने आ चुका है और उसके बाद के पूरे घटनाक्रम की जांच एसआईटी कर रही है। एसआईटी पूरी निष्पक्षता से जांच कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का एक ही लक्ष्य है कि अंकिता को न्याय मिले और उसके परिवार को इंसाफ का भरोसा मिले। अंकिता के माता पिता की भावनाओं का पूरा सम्मान किया जाएगा और उनके द्वारा उठाए गए हर सवाल का जवाब कानून के दायरे में दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही इस मामले में अगला फैसला लेकर सामने आएगी।






