#Home #National #News

संसद भवन पर आतंकी हमले की 24वीं बरसी, मोदी, राहुल सहित कई नेताओं ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि

नई दिल्ली । संसद भवन पर हमले की शनिवार को 24वीं बरसी पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य सांसदों ने 2001 के संसद हमले की बरसी पर जान गंवाने वाले सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।
बता दें कि 2001 में 13 दिसंबर की सुबह आतंक का काला साया देश के लोकतंत्र की दहलीज तक आ पहुंचा था। देश की राजधानी के बेहद महफूज माने जाने वाले इलाके में शान से खड़े संसद भवन में घुसने के लिए आतंकवादियों ने सफेद रंग की एम्बेसडर कार का इस्तेमाल किया। आतंकवादी संसद की सुरक्षा में तैनात जवानों की आंखों में धूल झोंकने में कामयाब रहे और कैंपस के अंदर दाखिल हो गए। लेकिन उनके कदम लोकतंत्र के मंदिर को अपवित्र कर पाते उससे पहले ही सुरक्षा बलों ने उन्हें ढेर कर दिया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ‘इस दिन, हमारा देश उन लोगों को याद करता है जिन्होंने 2001 में हमारी संसद पर हुए भयानक हमले के दौरान अपनी जान दे दी थी। गंभीर खतरे का सामना करते हुए, उनकी हिम्मत, सतर्कता और कर्तव्य के प्रति अटूट भावना कमाल की थी। भारत उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए हमेशा उनका आभारी रहेगा।’
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आज का दिन आतंकवाद के खिलाफ हमारे सुरक्षाबलों के उस अदम्य शौर्य व साहस को फिर से स्मरण करने का दिन है, जब वर्ष 2001 में विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के मंदिर, हमारे संसद भवन पर हुए कायराना आतंकी हमले को उन्होंने अपने जज्बे से नाकाम किया। आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए वीरगति को प्राप्त होने वाले सुरक्षा बलों के जवानों को नमन करता हूं। यह राष्ट्र वीर सेनानियों के त्याग व बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।”
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “संसद भवन पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले के दौरान अटूट ढाल बनकर खड़े रहने वाले बहादुर सुरक्षाकर्मियों को याद कर रहा हूं और उन्हें दिल से श्रद्धांजलि दे रहा हूं। उन्होंने हमारे लोकतंत्र की आत्मा की रक्षा के लिए अपनी जान दे दी। उनका साहस, सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्य के प्रति अटूट भावना हमेशा देश की चेतना में जीवित रहेगी और भारत के संकल्प को प्रेरित करेगी।


कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारतीय संसद पर आज ही के दिन हुए कायराना आतंकी हमले में शहीद हुए हमारे बहादुर जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। देश के गौरव की रक्षा करते हुए अपनी जान कुर्बान करने वाले वीर शहीदों और उनके परिवारों का देश हमेशा ऋणी रहेगा। सादर नमन।” कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “हम उन बहादुर सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं, जिन्होंने 2001 में संसद पर हुए आतंकवादी हमले से उसकी रक्षा करते हुए अपनी जान दे दी। उनका बेमिसाल साहस और बलिदान देश की यादों में हमेशा के लिए बस गया है। हम उनके परिवारों के साथ खड़े हैं और आतंकवाद के सभी रूपों से लड़ने की अपनी प्रतिज्ञा दोहराते हैं। भारत आतंकवाद की सभी ताकतों के खिलाफ मजबूती से और एकजुट होकर खड़ा है।”
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि 13 दिसंबर 2001 को संसद पर हुए आतंकी हमले में शहीद हुए सुरक्षाबलों के वीर जवानों और कर्तव्य पालन में अपने प्राण गंवाने वाले संसद कर्मचारी को सादर श्रद्धांजलि। उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का प्रतीक है, जिसे देश सदैव कृतज्ञता के साथ स्मरण करता रहेगा।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “13 दिसंबर, 2001 को लोकतंत्र के मंदिर संसद भवन पर हुए कायराना आतंकी हमले में संसद की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को मैं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। राष्ट्र की सुरक्षा के लिए उनकी वीरता, साहस और राष्ट्रभक्ति हमेशा हमारे दिलों में अमर रहेगी।”
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “‘वर्ष 2001 में आज ही के दिन संसद पर हुए कायराना आतंकी हमले में सर्वोच्च बलिदान देने वाले समस्त जवानों को कोटि-कोटि नमन। देश के मान-सम्मान की रक्षा करने के लिए हम सदैव उनके ऋणी रहेंगे।”

Read More

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *