CM Dhami – सीएम धामी अचानक थाने पहुंच गए, गंदगी देखकर भन्नाए, ‘लापता’ थाना प्रभारी लाइन हाजिर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को डालनवाला पुलिस थाने का अचानक निरीक्षण कर पूरे महकमे में हलचल मचा दी। बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे मुख्यमंत्री ने थाने की साफ सफाई, रिकॉर्ड व्यवस्था और पुलिस के कामकाज को बारीकी से देखा। निरीक्षण के दौरान थाने की बदहाल सफाई, अव्यवस्थित लॉकअप और थाना प्रभारी की गैर मौजूदगी पर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई।
मुख्यमंत्री जब थाने पहुंचे, उस समय थाना प्रभारी मनोज मैनवाल मौके पर मौजूद नहीं थे। हैरानी की बात यह रही कि मुख्यमंत्री के थाने आने की जानकारी पहले से होने के बावजूद भी थाना प्रभारी काफी देर तक नहीं पहुंचे। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। मौके पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने मुख्यमंत्री के आदेश पर तत्काल थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने थाने के लॉकअप का भी जायजा लिया। वहां गंदगी और अव्यवस्था देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि पुलिस थाने में बंद व्यक्ति भी इंसान है, उनके साथ अमानवीय व्यवहार या गंदगी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि लॉकअप समेत पूरे थाने की साफ सफाई तुरंत कराई जाए और सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुसार हों।
मुख्यमंत्री ने महिला हेल्प डेस्क, एफआईआर रजिस्टर, ड्यूटी चार्ट और अन्य जरूरी रजिस्टरों को खुद देखकर जांचा। उन्होंने यह भी देखा कि शिकायतों पर समय से कार्रवाई हो रही है या नहीं। थाने में मौजूद आम लोगों और फरियादियों से मुख्यमंत्री ने सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। कुछ लोगों ने पुलिस की कार्यशैली और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर शिकायतें भी रखीं।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ट्रैफिक व्यवस्था की खराब स्थिति और सत्यापन अभियान में बरती जा रही ढिलाई पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही लोगों की जान के लिए खतरा बन सकती है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पूरे मामले की गहराई से जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़ा हर अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह है। जनसेवा में लापरवाही, अनुशासनहीनता या संवेदनहीनता किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने जनता के लिए भरोसे का केंद्र होने चाहिए, न कि डर और परेशानी की जगह।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही को सबसे ऊपर रखती है। आम आदमी को थाने में सम्मान, समय पर सुनवाई और न्याय मिलना चाहिए। अगर कहीं भी पुलिस अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटती है, तो सरकार सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी।
इस औचक निरीक्षण के बाद पुलिस महकमे में साफ संदेश चला गया है कि अब लापरवाही और ढिलाई के लिए कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री के इस कदम को आम लोगों ने सकारात्मक बताया है और उम्मीद जताई है कि इससे थानों की कार्यशैली में सुधार आएगा और जनता का भरोसा पुलिस पर और मजबूत होगा।






