#Uncategorized #Haridwar #Home #Uttarakhand

Ankita Bhandari Case – मधु नौटियाल के बीजेपी छोड़ने के दावों पर सवाल, अंकिता भंडारी पर प्रदर्शन मामले में जबरस्त ट्विस्ट

हरिद्वार – रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस वीडियो में खुद को भाजपा मंडल अध्यक्ष बताने वाली महिला मधु नौटियाल के दावों को भारतीय जनता पार्टी ने सिरे से खारिज कर दिया है। भाजपा ने साफ कहा है कि मधु नौटियाल पार्टी की न तो सक्रिय सदस्य हैं और न ही कभी किसी पद पर रही हैं। पार्टी ने इस पूरे मामले को विपक्षी कांग्रेस की ओर से फैलाया गया भ्रम और गलत प्रचार बताया है। दरअसल बीते रविवार को देहरादून में अंकिता भंडारी मामले को लेकर बड़ा विरोध प्रदर्शन हुआ था। इस प्रदर्शन में अलग अलग सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक महिला ने अपना नाम मधु नौटियाल बताया। महिला ने कहा कि वह हरिद्वार से अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए देहरादून आई हैं। वीडियो में उन्होंने खुद को भाजपा की मंडल अध्यक्ष बताते हुए यह दावा भी किया कि अंकिता भंडारी को न्याय न मिलने के कारण वह भाजपा से इस्तीफा दे रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो के वायरल होते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश और जिला स्तर के नेताओं ने सामने आकर स्थिति साफ की। उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल महिला का भाजपा से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मधु नौटियाल भाजपा की सक्रिय सदस्य तक नहीं हैं। मनवीर चौहान ने कहा कि इस तरह के वीडियो जानबूझकर फैलाए जा रहे हैं ताकि लोगों को भ्रमित किया जा सके और पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी कांग्रेस इस पूरे मामले में झूठा प्रचार कर रही है। उनका कहना है कि किसी व्यक्ति को भाजपा से जोड़कर उसका वीडियो वायरल किया जा रहा है, ताकि यह दिखाया जा सके कि पार्टी के अंदर से ही विरोध हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता और भाजपा के कार्यकर्ता सब समझते हैं और ऐसे दावों में आने वाले नहीं हैं। इस पूरे मामले पर भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेश बंसल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी का मामला बेहद संवेदनशील है और लोगों की भावनाएं इससे जुड़ी हुई हैं। पार्टी के कार्यकर्ता भी इस दर्द को समझते हैं और संवेदनशील हैं। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले को जिस तरह से तोड़ मरोड़ कर पेश किया जा रहा है, उससे साफ लगता है कि इसके पीछे एक सोची समझी रणनीति है। नरेश बंसल का कहना है कि जब यह गलत प्रचार पूरी तरह सामने आ जाएगा, तो लोगों को खुद समझ आ जाएगा कि भाजपा हमेशा सच और न्याय के साथ खड़ी रहती है। हरिद्वार भाजपा के जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने भी मधु नौटियाल को पार्टी से जुड़ा मानने से इनकार किया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि महिला कभी भी भाजपा की पदाधिकारी नहीं रही हैं और फिलहाल पार्टी की सदस्य भी नहीं हैं। आशुतोष शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस तरह के झूठे दावे गढ़कर फर्जी कहानी बना रही है, ताकि राजनीतिक फायदा उठाया जा सके। भाजपा नेताओं का कहना है कि अंकिता भंडारी मामला पहले ही बेहद गंभीर और भावनात्मक है। ऐसे में इस तरह के वीडियो और दावे लोगों की भावनाओं को भड़काने का काम कर रहे हैं। पार्टी का दावा है कि वह इस पूरे मामले में सच्चाई के साथ खड़ी है और किसी भी तरह के भ्रम या झूठे प्रचार को सफल नहीं होने देगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *