दिल्ली-UP से देहरादून आने वालों के लिए जरूरी खबर: कार पर कितना लगेगा ग्रीन सेस? जानें नई दरें
दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत दूसरे राज्यों से देहरादून आने वाले वाहन चालकों के लिए ग्रीन सेस को लेकर नया अपडेट सामने आया है। उत्तराखंड में बाहरी राज्यों से प्रवेश करने वाले वाहनों से ग्रीन सेस की वसूली शुरू हो गई है। देहरादून के प्रवेश मार्ग टिमली चेकपोस्ट पर अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए निर्धारित शुल्क की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।

कार से देहरादून आने पर कितना शुल्क?
नई दरों के मुताबिक, कार, मोटर कैब और मैक्सी कैब पर 80 रुपये प्रति प्रवेश ग्रीन सेस लिया जाएगा। यह शुल्क दिल्ली, उत्तर प्रदेश या किसी अन्य बाहरी राज्य में पंजीकृत संबंधित वाहनों पर लागू होता है। यानी दिल्ली या यूपी नंबर की निजी कार से देहरादून आने वाले लोगों को प्रवेश के समय 80 रुपये ग्रीन सेस देना होगा।

वाहन की श्रेणी के अनुसार शुल्क अलग-अलग है। डिलीवरी वैन पर 80 रुपये, हल्के मालवाहक वाहन पर 120 रुपये, 12 से अधिक सीट वाली बस पर 140 रुपये और मध्यम/भारी मालवाहक वाहन पर 250 रुपये निर्धारित हैं। वहीं तीन एक्सल वाले भारी वाहन से 450 रुपये, 4 से 6 एक्सल वाले वाहन से 600 रुपये और सात या उससे अधिक एक्सल वाले भारी वाहन से 700 रुपये ग्रीन सेस लिया जाएगा।
क्यों लिया जा रहा है ग्रीन सेस ?
उत्तराखंड सरकार ने ग्रीन सेस को पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और शहरी परिवहन से जुड़े कार्यों के लिए लागू किया है। राज्य परिवहन विभाग की अधिसूचना में बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों के प्रत्येक प्रवेश पर सेस का प्रावधान दिया गया है।

बार-बार उत्तराखंड आने वाले वाहनों के लिए लंबी अवधि का भुगतान करने की व्यवस्था भी है। हालांकि, हाइब्रिड और सीएनजी वाहनों को लेकर 2026 में नियमों में बदलाव का निर्णय लिया गया है, इसलिए ऐसे वाहन मालिकों को यात्रा से पहले नवीनतम परिवहन विभाग के निर्देश जरूर देख लेने चाहिए।

दिल्ली और यूपी से देहरादून आने वाले यात्रियों के लिए अब यात्रा बजट बनाते समय ग्रीन सेस को भी ध्यान में रखना जरूरी होगा।





