UKSSSC भर्ती 2026: 12वीं पास के लिए 200 स्केलर पदों पर मौका, जानें योग्यता और आवेदन की अंतिम तारीख
उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने नई भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के तहत उत्तराखंड वन विकास निगम में स्केलर के 200 पद भरे जाएंगे। आयोग ने विज्ञापन 15 सितंबर 2026 को जारी किया था और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 22 सितंबर से शुरू हो चुकी है।

कौन कर सकता है आवेदन ?
स्केलर पद के लिए उम्मीदवार का इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास होना जरूरी है। शैक्षणिक योग्यता में विज्ञान या गणित विषय की शर्त निर्धारित की गई है। इसके अलावा उम्मीदवार की आयु 1 जुलाई 2026 को न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष होनी चाहिए। भर्ती की विस्तृत पात्रता और आरक्षण संबंधी नियम आयोग की आधिकारिक अधिसूचना में दिए गए हैं।

यह भर्ती केवल शैक्षणिक योग्यता तक सीमित नहीं है। चयन प्रक्रिया में शारीरिक मानक एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा भी शामिल है। इसके बाद लिखित प्रतियोगी परीक्षा के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। शारीरिक परीक्षा की शुरुआत 19 नवंबर 2026 से प्रस्तावित है।
आवेदन की अंतिम तारीख कब है ?
इच्छुक उम्मीदवार 22 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर संशोधन के लिए 26 और 27 अक्टूबर 2026 का समय निर्धारित किया गया है। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक विज्ञापन में दिए गए सभी नियम और पात्रता शर्तें ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
कितनी मिलेगी सैलरी ?
स्केलर पद के लिए वेतनमान लेवल-2 के तहत ₹19,900 से ₹63,200 प्रतिमाह निर्धारित है। आवेदन शुल्क भी श्रेणी के अनुसार अलग-अलग है। सामान्य और उत्तराखंड ओबीसी वर्ग के लिए ₹300, जबकि उत्तराखंड एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए ₹150 शुल्क निर्धारित है। अनाथ उम्मीदवारों के लिए शुल्क में छूट दी गई है।

उम्मीदवार आवेदन और भर्ती से जुड़ी आधिकारिक जानकारी UKSSSC की वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। आयोग की वेबसाइट पर स्केलर भर्ती का विज्ञापन और ऑनलाइन आवेदन लिंक उपलब्ध कराया गया है।





