क्रिसमस, न्यू ईयर पर मसूरी आ रहे हैं तो अलर्ट हो जाइये, उत्तराखण्ड पुलिस ने जारी की नई गाइडलाइंस
मसूरी- सर्दियों की छुट्टियों में बर्फबारी का मजा लेने, क्रिसमस, नव वर्ष और मसूरी विंटर कार्निवल में शामिल होने के लिए हर साल सैलानी उमड़ पड़ते हैं। इसी को मसूरी और देहरादून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। पुलिस का उद्देश्य है कि जश्न के इस माहौल में आम लोगों और पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत बनी रहे।
देहरादून पुलिस ने साफ किया है कि क्रिसमस, न्यू ईयर और मसूरी विंटर कार्निवल के दौरान यातायात और पार्किंग को लेकर
गाइडलाइंस बनाई गई हैं। शहर और मसूरी के प्रमुख स्थानों पर पहले से ही पार्किंग स्थल चिन्हित कर दिए गए हैं और वाहनों के लिए अलग अलग रूट तय किए गए हैं। इससे जाम की समस्या को कम किया जा सकेगा और लोग बिना परेशानी अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
मसूरी जाने वाले पर्यटकों के लिए दिल्ली, रुड़की और सहारनपुर से आने वालों को मोहंड, आशारोड़ी, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, बल्लूपुर चौक, गढ़ी कैंट, अनारवाला, जोहड़ी गांव होते हुए मसूरी भेजा जाएगा। वहीं हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाले पर्यटक हर्रावाला, मोहकमपुर फ्लाईओवर, जोगीवाला, रिंग रोड, सहस्रधारा क्रॉसिंग और आईटी पार्क होते हुए मसूरी पहुंच सकेंगे। वापसी के दौरान मसूरी से देहरादून और आसपास के शहरों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग रास्ते तय किए गए हैं, ताकि ट्रैफिक का दबाव एक जगह न पड़े।

मसूरी में विंटर कार्निवल और नए साल के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में वाहनों को अलग अलग मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। लाइब्रेरी चौक, पिक्चर पैलेस, किंग क्रेग, झड़ीपानी और बार्लोगंज जैसे इलाकों में ट्रैफिक को संतुलित रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। मसूरी में ठहरने वाले पर्यटकों के वाहनों के लिए एमडीडीए पार्किंग, टिहरी बस अड्डा, लण्ढौर रोड और होटल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
देहरादून शहर में भी पैसिफिक मॉल, घंटाघर, राजपुर रोड और परेड ग्राउंड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक को जरूरत के अनुसार मोड़ा जाएगा। शहर में रेंजर्स ग्राउंड, परेड ग्राउंड, पुराना रोडवेज बस अड्डा, एमडीडीए पार्किंग और कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग को प्रमुख पार्किंग स्थल बनाया गया है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि 30 दिसंबर से एक जनवरी की सुबह तक रात के समय शहर के कई आंतरिक और बाहरी मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। हालांकि एंबुलेंस, पुलिस, फायर ब्रिगेड जैसी आपात सेवाओं को पूरी छूट दी जाएगी। दूध, गैस और पेट्रोल जैसी जरूरी सेवाओं के वाहन वैकल्पिक मार्गों से निकाले जाएंगे।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने आम लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे संयम और धैर्य बनाए रखें। अनावश्यक हॉर्न न बजाएं, तय पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और शराब पीकर वाहन न चलाएं। पुलिस का कहना है कि नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को क्रेन से हटाया जाएगा।
पुलिस का प्रयास है कि त्योहारों की खुशियां सुरक्षित और यादगार बनें। प्रशासन चाहता है कि लोग पहाड़ों की सुंदरता और जश्न का आनंद लें, लेकिन नियमों का पालन करते हुए, ताकि देहरादून और मसूरी दोनों जगह उत्सव का माहौल बना रहे और कोई अप्रिय स्थिति न हो।






