परीक्षा से पहले पीएम मोदी देंगे मंत्र, ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू
परीक्षा के दबाव से छात्रों को राहत देने वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ एक बार फिर लौट रहा है। इसके नौवें संस्करण के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस खास पहल के जरिए छात्र, शिक्षक और अभिभावक सीधे प्रधानमंत्री से संवाद कर सकेंगे और परीक्षा के तनाव, करियर और जीवन से जुड़े सवालों के जवाब पा सकेंगे।
‘परीक्षा पे चर्चा’ हर साल लाखों छात्रों को परीक्षा के डर से बाहर निकालकर आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करता है। इसमें भाग लेने के लिए MyGov पोर्टल (innovateindia1.mygov.in) पर ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकता है।

कौन कर सकता है रजिस्ट्रेशन?
कक्षा 6 से 12वीं तक के छात्र, शिक्षक और अभिभावक इस कार्यक्रम में हिस्सा ले सकते हैं। चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होती है और इसके लिए किसी सिफारिश की जरूरत नहीं होती।
पीएम मोदी से मिलने का मौका कैसे मिलेगा?
इसके लिए MyGov पोर्टल पर एक ऑनलाइन प्रतियोगिता आयोजित की जाती है, जिसमें बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) पूछे जाते हैं। ये सवाल परीक्षा तनाव, करियर विकल्प और छात्रों से जुड़े सामाजिक मुद्दों पर आधारित होते हैं।
छात्रों के रचनात्मक और प्रभावशाली जवाबों के आधार पर NCERT प्रतिभागियों को शॉर्टलिस्ट करता है। चुने गए छात्रों को लाइव कार्यक्रम में प्रधानमंत्री से सीधे सवाल पूछने का मौका मिलता है।

रजिस्ट्रेशन की अहम तारीखें
- पंजीकरण शुरू: 1 दिसंबर 2025
- अंतिम तिथि: 11 जनवरी 2026
अब तक करीब 18.78 लाख लोग रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं, जिनमें से 17 लाख से ज्यादा छात्र हैं। कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों को NCERT की ओर से प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।
कुल मिलाकर, ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ छात्रों के लिए न सिर्फ परीक्षा के डर को दूर करने का मंच है, बल्कि प्रधानमंत्री से प्रेरणा लेने का भी एक अनूठा अवसर है।






