#Home #Dehradun #Uttarakhand

Ankita Bhandari Case – उर्मिला सनावर पर कसा पुलिस का शिकंजा, घर पर क्यों लगाए गए नोटिस ?

देहरादून- उत्तराखण्ड में दर्ज मुकदमों के बाद अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी चर्चाओं में आई उर्मिला सनावर पर पुलिस का दबाव बढ़ता जा रहा है। पुलिस ने अब कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में स्थित उर्मिला सनावर के घर पर नोटिस चस्पा किया है। इससे पहले हरिद्वार पुलिस ने भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर के घर पर भी नोटिस लगाया था, लेकिन दोनों में से कोई भी अब तक पुलिस के सामने पेश नहीं हुआ है। उर्मिला सनावर खुद को सुरेश राठौर की पत्नी बताती रही हैं, लेकिन सुरेश राठौर इस बात को साफ तौर पर नकार चुके हैं। उनका कहना है कि उर्मिला सनावर उनकी पत्नी नहीं हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से सोशल मीडिया पर विवाद चलता आ रहा है। कई बार दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ वीडियो जारी किए और गंभीर आरोप लगाए। इन वीडियो और बयानों ने धीरे धीरे राजनीतिक और सामाजिक माहौल को भी गर्म कर दिया। पूरा मामला तब और गंभीर हो गया जब उर्मिला सनावर ने सुरेश राठौर के साथ अपनी कथित फोन बातचीत का एक ऑडियो सार्वजनिक किया। इस ऑडियो में अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र किया गया था। उर्मिला सनावर ने अपने वीडियो में उस कथित वीआईपी का भी नाम लिया, जिसकी चर्चा इस हत्याकांड में शुरू से होती रही है। इसी के बाद यह मामला सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित न रहकर राजनीति और कानून के दायरे में आ गया। इसके बाद उर्मिला सनावर ने अंकिता भंडारी मामले से जुड़े कई और वीडियो जारी किए। इन वीडियो के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस मुद्दे को लेकर दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

इन घटनाओं के बाद भाजपा नेता आरती गौड़ ने देहरादून में उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया पर जारी बयानों और वीडियो से भ्रम फैलाया जा रहा है। वहीं हरिद्वार में शिरोमणि गुरु रविदास महापीठ के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने भी दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना था कि आपसी विवाद में समाज और धर्म को गलत तरीके से घसीटा जा रहा है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं। मुकदमे दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। पहले हरिद्वार पुलिस ने सुरेश राठौर के घर पर नोटिस चस्पा कर उन्हें थाने में पेश होने को कहा। इसके बाद पुलिस की टीम सहारनपुर पहुंची और उर्मिला सनावर के घर पर भी नोटिस लगाया गया। नोटिस में साफ कहा गया है कि दोनों को हरिद्वार पुलिस के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखना होगा। हालांकि अब तक पुलिस को दोनों का कोई जवाब नहीं मिला है। न तो सुरेश राठौर और न ही उर्मिला सनावर अपने घर पर मिले। पुलिस लगातार संपर्क करने की कोशिश कर रही है, लेकिन सहयोग नहीं मिल पा रहा है। हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने साफ कहा है कि दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज है और मामला गंभीर है। अगर वे पुलिस का सहयोग नहीं करते हैं, तो उन्हें बुलाने के लिए पुलिस को दूसरे कानूनी रास्ते अपनाने पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि जांच में सहयोग करना दोनों के हित में है। उधर देहरादून में दर्ज मुकदमे के बाद देहरादून पुलिस ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस उर्मिला सनावर का पूरा रिकॉर्ड खंगाल रही है। यह देखा जा रहा है कि उनके खिलाफ पहले कौन कौन से मामले दर्ज हुए हैं और उन मामलों में कितनी सच्चाई थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सोशल मीडिया पर जारी किए गए वीडियो और बयानों के पीछे क्या मंशा थी। अंकिता भंडारी हत्याकांड पहले ही उत्तराखंड को झकझोर चुका है। ऐसे में इस मामले से जुड़ी नई चर्चाओं और आरोपों ने लोगों की भावनाओं को फिर से कुरेद दिया है। आम लोग चाहते हैं कि सच सामने आए और किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम को रोका जाए

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *