दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष विजय मल्होत्रा का निधन, 94 साल की उम्र में एम्स में ली अंतिम सांस
दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता और पहले अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का आज एम्स अस्पताल में निधन हो गया। वे 94 वर्ष के थे। उनका जन्म 3 दिसंबर 1931 को लाहौर (अब पाकिस्तान) में हुआ था।
विजय मल्होत्रा दिल्ली के पूर्व मुख्य कार्यकारी पार्षद और सांसद भी रह चुके हैं। कुछ दिनों से वे एम्स में भर्ती थे और इलाज चल रहा था। आज सुबह लगभग 6 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि प्रो. विजय मल्होत्रा का जीवन सादगी और जन सेवा के लिए समर्पण की मिसाल रहा। उन्होंने दिल्ली में संघ की विचारधारा के प्रचार और जनसंघ काल से भाजपा के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि भगवान दिवंगत आत्मा को शांति दें और शोक संतप्त परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
मल्होत्रा ने अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के साथ मिलकर जनसंघ के जरिए राजनीति में कदम रखा। वे दिल्ली प्रदेश जनसंघ के अध्यक्ष (1972-75) और दो बार दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष (1977-80, 1980-84) रहे।

उन्होंने 45 वर्षों में दिल्ली से 5 बार सांसद और 2 बार विधायक के रूप में सेवा की। 1999 में दक्षिण दिल्ली सीट से देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भारी अंतर से हराना उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धि मानी जाती है।
प्रो. मल्होत्रा ने हिंदी साहित्य में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की थी और वे शिक्षा, राजनीति और खेल प्रशासन (शतरंज और तीरंदाजी क्लब) में सक्रिय रहे। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।






