फुटबॉल के जादूगर लियोनेस मेसी इँडिया टूर पर, कोलकाता में मैसी को उमड़ा फैन्स का सैलाब
कोलकाता- अर्जेंटीना के विश्व प्रसिद्ध फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी इन दिनों भारत यात्रा पर हैं और उनके आगमन से देशभर के फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अपने ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम टूर इंडिया 2025 के पहले चरण में मेसी कोलकाता पहुंचे हैं। जैसे ही उनके आने की खबर फैली साल्ट लेक स्टेडियम से लेकर होटल तक प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों की आंखों में खुशी और चेहरे पर गर्व साफ झलक रहा था कि उनका पसंदीदा खिलाड़ी भारत की धरती पर कदम रख चुका है।

कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में मेसी को एक झलक देखने के लिए प्रशंसक लंबी कतारों में खड़े नजर आए। यही हाल हयात रीजेंसी होटल के बाहर भी रहा जहां बड़ी संख्या में लोग घंटों इंतजार करते रहे। कई प्रशंसकों के लिए यह पल जीवन का सबसे खास पल बन गया। एक नवविवाहित प्रशंसक ने भावुक होकर बताया कि उन्होंने हाल ही में शादी की है लेकिन मेसी के आने की वजह से अपना हनीमून तक रद्द कर दिया। उनका कहना था कि वे पिछले दस बारह सालों से मेसी को फॉलो कर रहे हैं और उन्हें सामने से देखने का मौका उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। इसी तरह एक महिला प्रशंसक ने बताया कि उनकी शादी पिछले शुक्रवार को हुई थी लेकिन मेसी के भारत आने की खबर सुनते ही उन्होंने भी अपना हनीमून टाल दिया क्योंकि यह मौका जिंदगी में बार बार नहीं मिलता।

मेसी का भारत से रिश्ता नया नहीं है। इससे पहले भी वह कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में खेल चुके हैं। उस समय फीफा मैत्री मैच में अर्जेंटीना ने वेनेजुएला को एक शून्य से हराया था और स्टेडियम में करीब पचासी हजार दर्शक मौजूद थे। उस मैच में मेसी का जादू आज भी लोगों को याद है। हालांकि इस बार उनके दौरे में मैदान पर खेल देखने को नहीं मिलेगा। आठ बार बैलोन डीओर जीत चुके मेसी इस दौरे में केवल प्रचार और व्यावसायिक कार्यक्रमों का हिस्सा बन रहे हैं।
ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम टूर इंडिया 2025 पूरी तरह से आयोजन और संवाद पर आधारित कार्यक्रम है। इसकी शुरुआत शनिवार को कोलकाता से होगी और सोमवार को नई दिल्ली में इसका समापन होगा। आयोजकों के अनुसार कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम के लिए करीब अठहत्तर हजार सीटें रखी गई हैं। मेसी यहां लगभग पैंतालीस मिनट के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे जिसमें मुलाकात और अभिवादन कार्यक्रम शामिल है। टिकटों की कीमत भी हजारों रुपये तक रखी गई है और फिर भी प्रशंसकों का उत्साह कम होने का नाम नहीं ले रहा।
इस संक्षिप्त भारत यात्रा में मेसी चार बड़े शहरों कोलकाता हैदराबाद मुंबई और दिल्ली का दौरा करेंगे। हालांकि वे भारत में बहत्तर घंटे से भी कम समय बिताएंगे लेकिन इन कुछ दिनों में उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक उनकी मुलाकात देश के कई मुख्यमंत्रियों कॉर्पोरेट जगत के बड़े नामों और फिल्मी दुनिया की हस्तियों से तय है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी उनकी मुलाकात का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया जा रहा है।

कुल मिलाकर मेसी का यह दौरा भले ही मैदान पर खेल से जुड़ा न हो लेकिन उनके चाहने वालों के लिए यह किसी त्योहार से कम नहीं है। भारत में फुटबॉल के प्रति बढ़ते प्रेम और मेसी जैसे खिलाड़ी की लोकप्रियता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि खेल की भाषा सीमाएं नहीं जानती और सच्चा जुनून हर देश हर शहर और हर दिल को जोड़ देता है।






