चमोली में बादल फटा: नंदानगर में तबाही, छह घर मलबे में दबे, सात लोग लापता, दो सुरक्षित निकाले गए
उत्तराखंड के चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र में बुधवार रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। नगर पंचायत नंदानगर के कुन्तरि लगाफाली वार्ड में छह घर पूरी तरह मलबे में दब गए। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि इस हादसे में सात लोग लापता हैं, जबकि दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है।
एसडीआरएफ की टीम नंदप्रयाग पहुंच चुकी है, वहीं एनडीआरएफ की टीम भी गोचर से नंदप्रयाग के लिए रवाना हो गई है। मौके पर मेडिकल टीम और तीन 108 एम्बुलेंस भेज दी गई हैं ताकि घायलों को तुरंत उपचार मिल सके।

इसके अलावा नंदानगर तहसील के धुर्मा गांव में भी भारी वर्षा से 4–5 मकानों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह है कि वहां किसी जनहानि की सूचना नहीं है। वहीं, मोक्ष नदी का जलस्तर बढ़ गया है जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
इधर, देहरादून जिले में लगातार बारिश के चलते प्रशासन ने गुरुवार को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
यह घटना एक बार फिर पहाड़ों में प्राकृतिक आपदाओं की भयावह तस्वीर सामने लाती है। प्रशासन लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।








