देवप्रयाग में बड़ा हादसा टला: मलबे की चपेट में आने से सांसद अनिल बलूनी और विधायक विनोद कंडारी बाल-बाल बचे
उत्तराखंड इन दिनों भीषण आपदा से जूझ रहा है। पहाड़ों से लगातार मलबा गिरने और भूस्खलन की घटनाओं ने लोगों को डरा रखा है। इसी बीच शनिवार को देवप्रयाग में एक बड़ा हादसा टल गया। सांसद अनिल बलूनी और विधायक विनोद कंडारी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हाल जानने पहुंचे थे। लेकिन डिग्री कॉलेज के पास अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने लगा और उनका वाहन इसकी चपेट में आ गया।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई। हालांकि, उनका वाहन मलबे में फंस गया। स्थिति को देखते हुए सांसद बलूनी को तहसीलदार के वाहन से देवप्रयाग तक ले जाया गया। यहां उन्होंने सभी कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और फिर प्राइवेट वाहन से देहरादून लौट गए। उनके सरकारी वाहन को निकालने के लिए एनएच की टीम ने मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया।
सांसद बलूनी ने कहा कि इस साल की अतिवृष्टि और भूस्खलन ने उत्तराखंड को गहरे घाव दिए हैं। इन घावों को भरने में बहुत समय लगेगा। उन्होंने प्रभावितों को विश्वास दिलाया कि सरकार हर संभव मदद करेगी।







